गाजियाबाद/मेरठ. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सोलाना के पास रविवार तड़के धुंध और कोहरे के कारण तेज गति से आ रहीं 35 गाड़ियां आपस में भिड़ गईं. हादसे में 45 से ज्यादा लोग घायल हो गए. इस दौरान एक्सप्रेस वे पर जाम की स्थिति बनी रही. रविवार तड़के एक्सप्रेस वे पर सोलाना के पास घना कोहरा छाया हुआ था. साफ मौसम के बीच अचानक घना कोहरा आ जाने से मेरठ से दिल्ली की ओर जा रहीं गाड़ियां टकराती चली गईं. लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
सुबह घना कोहरा छाए रहने और दिन में तीखी धूप लोगों को हैरत में डाल रही है. एनसीआर में रविवार सुबह कई इलाकों में मध्यम श्रेणी का कोहरा छाया रहा. मौसम विशेषज्ञ महेश पालावत के अनुसार, सुबह कुछ समय के लिए पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी दिशा से हवा चलने लगी. इसके साथ ही आद्रता काफी बढ़ी हुई थी, जिसके चलते कोहरा छाया रहा. उन्होंने बताया कि इसके बाद से अब दक्षिण-पश्चिम दिशा से हवा चल रही है. इसलिए आने वाले दिनों में कोहरे की समस्या नहीं रहनी चाहिए. दूसरी ओर, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री अधिक था. तापमान में वृद्धि का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है.
