ओटीटी मंचों के खिलाफ नियम कड़े होंगे अनुराग ठाकुर

rashtrapathnews.com
Share on Social Media

नागपुर . केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को कहा कि ओटीटी पर परोसे जाने वाले कंटेंट को लेकर नियम और कड़े किए जाएंगे. उन्होंने लगातार मिल रही शिकायतों पर कहा कि रचनात्मकता के नाम पर अश्लीलता और गाली-गलौज वाली भाषा स्वीकार नहीं होगी. इसके लिए नियमों में बदलाव की जरूरत होगी, तो हम हिचकेंगे नहीं.

केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले कुछ समय से ओटीटी मंचों के खिलाफ शिकायतें बढ़नी शुरू हुई हैं. सरकार ने इन शिकायतों को बेहद गंभीरता से लिया है. सरकार ऐसी प्रवृत्ति को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने से संकोच नहीं करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि अगर नियमों में किसी भी तरह के बदलाव की जरूरत होगी तो इस पर गंभीरता से विचार करने के बाद फैसला लिया जाएगा.

मंत्री ठाकुर ने कहा कि सभी ओटीटी मंचों को रचनात्मकता की आजादी दी गई है, न कि अश्लीलता फैलाने की. जब कोई सीमा लांघने का प्रयास करता है, रचनात्मकता के नाम पर गाली-गलौज की भाषा परोसता है, तो इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है.

बता दें कि बीते जनवरी महीने में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने रचनात्मक स्वतंत्रता की पैरवी करते हुए कहा था कि ओटीटी मंचों पर कंटेंट की निगरानी के लिए पर्याप्त सुरक्षात्मक कदम उठाए गए हैं. किसी को भी अश्लीलता परोसने की इजाजत नहीं दी गई है.

हर शिकायत पर कार्रवाई

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रक्रिया में, निर्माताओं को पहले सामग्री के बारे में शिकायतों का समाधान करना होता है. फिर शिकायतें उनके संगठन के पास जाती हैं. सरकार (सूचना एवं प्रसारण विभाग) तक शिकायत पहुंचने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

ईडी सुप्रीम कोर्ट पहुंची , कविता से आज पूछताछ करेगी

Share on Social Mediaनई दिल्ली . दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) सोमवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधायक के. कविता से पूछताछ करेगी. जांच एजेंसी ने कविता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें समन जारी किया था. जिसके खिलाफ वह सुप्रीम कोर्ट पहुंची थीं. […]

You May Like