पटियाला . कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने पटियाला केंद्रीय कारागार से बाहर आते ही केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र बेड़ियों में जकड़ा हुआ है और संस्थान गुलाम हो गए हैं. पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाने के लिए षड़यंत्र रचा जा रहा है.
सिद्धू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अखबारी मुख्यमंत्री कहा और कानून-व्यवस्था तथा ऋण के मुद्दे पर उनकी सरकार की आलोचना की. वह रिहा होने के बाद जेल के बाहर मीडिया से मुखातिब थे. कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू करीब 10 महीने बाद पटियाला के केंद्रीय कारागार से रिहा हो गए. सिद्धू रोडरेज मामले में 20 मई 2022 से जेल में बंद थे. जिस वक्त वह जेल से बाहर आए, उस वक्त उन्होंने आसमानी रंग की जैकेट पहन रखी थी.
उन्होंने जेल के बाहर मीडिया से कहा, देश में जब भी तानाशाही आई तब एक क्रांति आई और आज मैं कहता हूं कि क्रांति का नाम राहुल गांधी है. बहस और असहमति इस लोकतंत्र का सार है. लेकिन विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. कांग्रेस दमन के खिलाफ लड़ रही है.
उन्होंने आरोप लगाया, आज लोकतंत्र बेड़ियों में जकड़ा हुआ है. आज लोकतंत्र जैसा कुछ भी नहीं है.
