केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करने के बाद बुधवार को कहा कि इस बजट के माध्यम से देश की बड़ी आबादी को फायदा पहुंचाने का काम किया गया है. उनके मुताबिक इस बजट से देश के अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास पहुंचेगा. उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा नई टैक्स स्कीम को और आकर्षक बनाना है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इससे जुड़ें.
नई कर व्यवस्था ज्यादा आसान वित्त मंत्री ने बजट के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लोगों के लिए हर साल निवेश करने और उससे जुड़ी टैक्स छूट को हासिल करना कठिन होता है. इसीलिए नई व्यवस्था बनाई गई थी. पिछले कुछ सालों में इसके असर को देखते हुए इसे और आगे बढ़ाने का ऐलान किया गया है. ये व्यवस्था ज्यादा आसान है और लोगों के लिए इसमें टैक्स की दरें भी कम हैं.
पुरानी टैक्स व्यवस्था का भी विकल्प वित्त मंत्री ने कहा कि जिन लोगों को निवेश और उससे जुड़ी छूट में फायदा लगता है वो उसी पुरानी व्यवस्था में बने रह सकते हैं. पुरानी टैक्स स्कीम में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है. राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा ने इस पर कहा कि हमें उम्मीद है कि अगर लोग अपनी आमदनी के हिसाब से टैक्स की गणना करेंगे तो उन्हें नई व्यवस्था में ही फायदा नजर आएगा. सरकारी आकलन के मुताबिक आयकर और दूसरे मदों में दी गई टैक्स छूट से कुल मिलाकर सरकारी खजाने पर 35,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा.
लाल रंग की पोचम्मपल्ली साड़ी
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लाल रंग की पोचम्मपल्ली साड़ी पहनकर अपना पांचवां बजट पेश किया. पोचम्मपल्ली तेलंगाना के नालदोंडा जिले के पच्चमपल्ली गांव की पारंपारिक साड़ी है. इस पर कर्नाटक के मशहूर कसूती का काम हुआ था. दरअसल, निर्मला सीतारमण संयुक्त आंध्र प्रदेश की रहने वाली है और इस बार कर्नाटक से राज्यसभा पहुंची हैं.
बढ़ती महंगाई को लेकर वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार की तरफ से समय समय पर महंगाई घटाने के लिए कदम उठाए जाते रहते हैं. गेहूं के बढ़ते दाम को देखते हुए सरकार ने खुले बाजार में गेहू रिलीज करने का कदम उठाया है. साथ ही बजट में टैक्स छूट से जुड़े जो भी फैसले हुए हैं उससे लोगों के हाथों में अतिरिक्त रकम पहुंचेगी. ये भी लोगों की आमदनी में एक तरह से इजाफा ही करेगा.
2019 वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने पहले बजट में ब्रीफकेस की पंरपरा को तोड़कर लाल कपड़े में बहीखाता बजट पेश किया. गुलाबी मंगलगिरी सिल्क साड़ी पहनकर बजट पेश किया था.
2020 वित्त मंत्री ने सबसे लंबा दो घंटे 42 मिनट का बजट भाषण पढ़ा. पीले रंग की साड़ी पहने सीतारमण अस्वस्थ महसूस कर रही थीं और कुछ हिस्सा उन्होंने बैठकर पढ़ा.
2021 कोरोना काल में वित्त मंत्री ने लाल और ऑफ व्हाइट रंग की साड़ी पहनकर पहली बार पेपर लेस बजट पेश किया.
निर्मला सीतारमण के मुताबिक इस बजट से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा. स्वयं सहायता समूह के माध्यम से कारोबार कर रहीं महिलाओं को भी सहारा मिलेगा. इससे महिलाओं के उत्पादों को और बड़ा बाजार मिलेगा. 50 पर्यटन स्थलों को विकसित किया जाएगा. इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे. पीएम विकास योजना से तहत कई तरह के हैंडीक्राफ्ट उत्पादों से जुड़े समुदायों के साथ इस दिशा में काम कर रहे बाकी लोगों को फायदा पहुंचेगा. साथ ही नई वैश्विक जरूरतों के हिसाब से कार्यबल को तैयार करने में मदद मिलेगी.
