रायपुर. डायरेक्टर ऑफ रेवेन्यू इंटिलिजेंस (डीआरआई) ने 3 करोड़ की विदेशी सिगरेट के साथ 4 आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया. यह सिगरेट रायपुर के रास्ते तस्करी कर मुंबई और अन्य महानगरों में खपाने ट्रक में छिपाकर ले जाया जा रहा था. सूचना मिलने डीआरआई ने ट्रक चालक-परिचालक सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया. साथ ही ट्रक की तलाशी लेने पर बोरे में भरकर रखी हुए पेरिस ब्रांड की विदेशी सिगरेट बरामद की गई. पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर सभी को जेल भेज दिया गया है. साथ ही सभी के नाम गोपनीय रखते हुए उनसे मिली जानकारी के आधार पर इस गिरोह में शामिल लोगों के संबंध में इनपुट जुटाए जा रहे है.

डीआरआई से मिली जानकारी के अनुसार सप्ताहभर पहले उन्हें ट्रक में विदेशी सिगरेट लाने के इनपुट मिले थे. इसके आधार पर दोनों रिंग रोड में टीम को तैनात किया गया था. जानकारी के आधार पर संदेह के दायरे में आने वाली ट्रकों की तलाशी पिछले दो दिनों से चल रही थी. इसी दौरान शुक्रवार की तड़के सुबह एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया और उसकी जांच की गई तो, प्लास्टिक की बोरियों में विदेशी सिगरेट मिली. इसमें अलग-अलग पैकेट्स में 30 लाख नग सिगरेट भरी हुई थी.
