टी-20 महिला विश्व कप के पहले मैच मे पाकिस्तान के खिलाफ सात विकेट से मिली जीत

rashtrapathnews.com
Share on Social Media

केपटाउन . टी-20 महिला विश्व कप में रविवार को जेमिमा रोड्रिक्स के 38 गेंदों पर नाबाद 53 रन की ताबड़तोड़ पारी ने टीम इंडिया को चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ सात विकेट से शानदार जीत दिला दी. जेमिमा के अलावा ऋचा घोष ने भी नाबाद 31 रन की पारी खेली.

जेमिमा और ऋचा ने चौथे विकेट के लिए 58 रन की अटूट साझेदारी की. इससे पहले पाकिस्तान ने कप्तान बिस्माह मरूफ (नाबाद 68 रन) के अर्धशतक और आयशा नसीम (नाबाद 43 रन) के साथ उनकी पांचवें विकेट के लिये 81 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत चार विकेट पर 149 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था. भारत ने यह लक्ष्य 19 ओवर में तीन विकेट पर 151 रन बनाकर हासिल किया. इसमें प्लेयर ऑफ द मैच जेमिमा रोड्रिग्स की आठ चौके जड़ित नाबाद अर्धशतकीय पारी अहम रही. इसमें ऋचा (20 गेंद, पांच चौके) ने उनके साथ टीम को दबाव से बाहर निकालने में गजब का जज्बा दिखाया.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (33 रन) और यास्तिका भाटिया (17 रन) ने पहले विकेट के लिये 38 रन जोड़े थे कि सादिया इकबाल ने भारत को पहला झटका दिया. पावरप्ले के अंतिम ओवर में सादिया की फुल लेंथ गेंद पर यास्तिका कवर में फातिमा सना को आसान कैच दे बैठी. शेफाली से बड़ी पारी खेलने की उम्मीद थी.

पारी को तेज करने की कोशिश में 10वें ओवर में वह अपना विकेट गंवा बैठीं और नशरा संधू की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में सीमारेखा पर सिदरा अमीन के शानदार कैच से पवेलियन पहुंच गयी. रोड्रिग्स के साथ अब कप्तान हरमनप्रीत कौर (16 रन) क्रीज पर थी. दोनों सतर्कता से बल्लेबाजी करते हुए 28 रन जोड़ पायी थीं कि कप्तान की स्लाग स्वीप करने की गलती से पाकिस्तान ने तीसरा विकेट झटक लिया. नशरा संधू (15 रन देकर दो विकेट) ने इस तरह अपना दूसरा विकेट हासिल किया. फिर रोड्रिग्स को ऋचा के रूप में अच्छा जोड़ीदार मिला.

18वें ओवर में ऋचा के ऐमन अनवर पर लगाये गये लगातार तीन चौकों ने भारत के ऊपर से दबाव खत्म किया जिससे टीम को अंतिम दो ओवर में जीत के लिये 14 रन की दरकार थी. रोड्रिग्स ने 19वें ओवर में तीन चौके जड़कर जीत दिला दी.

टी-20 विश्व कप में सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया

जेमिमा रोड्रिग्स ने विजयी चौका लगाकर टीम की जीत सुनिश्चित की. इस तरह भारत ने टी-20 विश्व कप में सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा किया. यह टी-20 विश्व कप में सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करने में दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा. इससे पहले इंग्लैंड ने 2009 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 164 रन का लक्ष्य हासिल किया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

रामलला के निर्माणाधीन मंदिर में हर पत्थर का लेखा-जोखा रख रहे

Share on Social Mediaअयोध्या . श्रीरामजन्मभूमि में विराजमान रामलला के निर्माणाधीन दिव्य मंदिर को एक हजार साल तक प्राकृतिक आपदाओं से संरक्षित रखने के लिए हर प्रकार की सावधानी बरती जा रही है और हर कदम पूरी सूझबूझ व तकनीक के जरिए उठाया जा रहा है. इसी कड़ी में बंशीपहाड़पुर […]