तुर्किये . भूकंप के तीन दिन बाद भी तुर्किये सीरिया में मौत का कहर जारी है. भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा करीब 20,000 पहुंच गया है. जैसे-जैसे समय बीतता जा रहा है. फंसे लोगों के बचने की उम्मीद भी धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है.
तुर्किये की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि अब तक देश में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16,546 तक पहुंच गई है, वहीं 64 हजार से ज्यादा लोग घायल हैं. सीरिया में भी मृतक संख्या बढ़कर 3,317 हो गई है और 5 हजार से ज्यादा लोग घायल हैं.
मलबे में दबे हैं शव और जिंदगी तुर्किये आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, मलबे में अभी सैंकड़ों लोग फंसे हुए हैं, जिनमें से ज्यादातर की मौत की आशंका है. क्योंकि उन्हें फंसे हुए तीन दिन से ज्यादा हो चुके हैं, ऐसे में बिना भोजन-पानी और भीषण ठंड के बीच फंसे हुए लोगों का संघर्ष कर पाना मुश्किल है. वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो दम तोड़ चुके हैं, लेकिन उनके शवों को नहीं निकाला जा सका है.
