जयपुर . राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान आज , जिसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. राजनीतिक गलियारों में राज्य के इस चुनाव को राज (सरकार) और रिवाज बदलने की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है.
बीते कुछ दशकों में परंपरागत रूप से राज्य में हर विधानसभा चुनाव में राज यानी सरकार बदल जाती है… एक बार कांग्रेस एक बार भाजपा. भाजपा को बाकी बातों के अलावा इस रिवाज से बड़ी उम्मीद है, जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस उम्मीद कर रही है कि इस बार यह रिवाज बदलेगा और दोबारा उसकी सरकार बनेगी. राज्य में 200 में से 199 सीट पर मतदान हो रहा है, जहां 5.25 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डाल सकेंगे. राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस व मुख्य विपक्षी दल भाजपा के बीच माना जा रहा है.
अधिकारियों ने बताया कि 199 सीट पर 1862 उम्मीदवार मैदान में हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 52538105 है. राज्य में 36101 स्थानों पर कुल 51507 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. 26,393 मतदान केन्द्रों से लाइव वेबकास्टिंग होगी.
