गुवाहाटी से डिब्रूगढ़ जा रहे इंडिगो विमान को इंजन में तकनीकी खराबी आने पर आपात स्थिति में वापस उतारना पड़ा. विमान में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के दो विधायकों समेत 150 यात्री सवार थे. 20 मिनट हवा में रहने के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग से यात्री बाल-बाल बच गए.
इंडिगो की विमान संख्या 6ई-2652 ने गुवाहाटी से सुबह 8.38 बजे उड़ान भरी. कुछ देर बाद पायलट को तकनीकी खराबी का पता चला. इसके बाद उसने विमान को गुवाहाटी की ओर मोड़ दिया. विमान में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, भाजपा विधायक प्रशांत फुकन और तेराश गोवाला भी सवार थे. एयरपोर्ट अथॉरिटी के एक अधिकारी ने कहा कि विमान एक तकनीकी समस्या के कारण वापस गुवाहाटी हवाईअड्डे लौट आया.
दो घंटे इंतजार कराने के बाद उड़ान रद्द की तेली
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने बताया कि पहले हमें विमान में बैठे रहने को कहा गया. जब खराबी ठीक नहीं हुई तो दो घंटे के बाद बताया गया कि विमान उड़ान नहीं भर सकता. इंडिगो अधिकारियों से वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था करने का अनुरोध किया, लेकिन वह नहीं कर सके.
