पंजाब के होशियारपुर से खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के करीबी पपलप्रीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पिछले महीने से उसे तलाश रही थी.
पपलप्रीत को अमृतपाल का बेहद करीबी माना जाता है और वह कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में था. पंजाब पुलिस द्वारा खालिस्तान समर्थकों और उनके सहयोगियों के खिलाफ 18 मार्च को शुरू की गई कार्रवाई के दिन से ही अमृतपाल और पपलप्रीत फरार थे.
18 मार्च को वह जालंधर में वाहन और हुलिया बदलकर पुलिस के शिकंजे से बचकर फरार हो गए थे. अमृतपाल और उसके सहयोगियों के खिलाफ समुदायों में द्वेष पैदा करने, हत्या की कोशिश, पुलिसकर्मियों पर हमला और सरकारी अधिकारियों को कर्तव्य निर्वहन करने से रोकने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पंजाब पुलिस ने बताया कि ‘वारिस पंज-आब दे’ के मुखिया अमृतपाल और उसके साथियों पर दबिश जारी है. पपलप्रीत के साथ ही अमृतपाल फरार हुआ था.
