नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी दी

rashtrapathnews.com
Share on Social Media

नागपुर (महाराष्ट्र). सुरक्षा एजेंसियों में शनिवार को तब हड़कंप मच गया जब खबर आई कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी दी गई है. मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के तौर पर उनके आवास और कार्यालय की सुरक्षा को चाक-चौबंद कर दिया गया.

जानकारी के मुताबिक फोन करने वाले ने खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के गिरोह का सदस्य बताया. बताया गया है कि उसने 100 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की है. पुलिस अधिकारी ने शनिवार रात को बताया कि फोन कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है.

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नागपुर के खामला में गडकरी के जनसंपर्क कार्यालय में कुल तीन धमकी भरे फोन कॉल आए. पहली कॉल सुबह 11 बजकर 25 मिनट और आखिरी कॉल दोपहर करीब साढ़े बारह बजे आई. कॉल कार्यालय में बीएसएनएल के लैंडलाइन फोन पर आईं. कर्मचारियों ने इसकी सूचना तुरंत आला अधिकारियों और सुरक्षा एजेसियों को दी, जिसके बाद पूरा सुरक्षा अमला हरकत में आ गया. नागपुर से सांसद और भाजपा के नेता गडकरी की नागपुर स्थित आवास और कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कॉल करने वाले ने फोन ऑपरेटर से कहा कि वह दाऊद इब्राहिम के गिरोह का सदस्य है. उसने गडकरी से 100 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी. फोन करने वाले शख्स ने कहा कि अगर उसकी मांग नहीं मानी गई तो वह बम के जरिए केंद्रीय मंत्री को नुकसान पहुंचाएगा. अधिकारी ने बताया कि कॉल करने वाले ने पैसे पहुंचाने के लिए अपना फोन नंबर और कर्नाटक का पता दिया था.

जेल से किया फोन

साइबर पुलिस ने पता लगाया कि धमकी का फोन कर्नाटक के बेलगावी (बेलगाम) की जेल से आया था. फोन करने वाला शख्स हत्या के मामले में वहां बंद है. उसने किसी और नाम पर सिम कार्ड हासिल किया था. उसकी धरपकड़ के लिए पुलिस बेलगावी रवाना हो गई है.

● सरकार अथवा मंत्री की ओर से इस संबंध में देर रात तक कोई बयान जारी नहीं किया गया

गडकरी के लिए विशेष सुरक्षा पर विचार संभव

प्रधानमंत्री कार्यालय से भी इस बारे में गृह मंत्रालय से जानकारी मांगी गई है. उल्लेखनीय है कि गडकरी को वर्तमान में जेड प्लस सुरक्षा उपलब्ध है, अगर उच्च स्तर पर निर्णय होता है उन्हें विशेष सुरक्षा भी दी जा सकती है.

गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से जानकारी तलब की

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गडकरी को मिली धमकियों से जुड़ी सारी जानकारी राज्य सरकार से तलब की है. साथ ही मंत्रालय में इस बारे में मंथन भी शुरू हो गया है. केंद्रीय गृह सचिव के स्तर पर एक उच्चस्तरीय बैठक भी सोमवार को नॉर्थ ब्लॉक में बुलाई गई है, जिसमें गडकरी की वर्तमान सुरक्षा में बदलाव या बढ़ोतरी किए जाने पर विचार किया जाएगा. सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी ने अपने इस वरिष्ठ नेता को मिली धमकी को लेकर चिंता व्यक्त की है और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उनकी सुरक्षा कड़ी करने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मनीष सिसोदिया के ऑफिस पर CBI का छापा

Share on Social Mediaनई दिल्ली . दिल्ली आबकारी नीति की जांच को लेकर शनिवार शाम को दिल्ली सचिवालय में सीबीआई की एक टीम पहुंची थी. इस पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा कि उनके कार्यालय पर फिर सीबीआई की ओर से छापा मारा गया है. सीबीआई सिसोदिया के […]

You May Like