नोएडा . एक महिला ने सेवानिवृत्त अधिकारी का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर 2.55 लाख रुपये ठग लिए. पुलिस को दी शिकायत में 70 वर्षीय बुजुर्ग ने बताया कि वह इंडियन ऑयल से रिटायर्ड अधिकारी हैं. वह परिवार के साथ सेक्टर 62 में रहते हैं. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उनके व्हाट्सऐप पर अंजान नंबर से वीडियो कॉल आई. उन्होंने कॉल को रिसीव कर लिया. दूसरी तरफ एक महिला बिना कपड़ों के डांस कर रही थी, तभी उन्होंने कॉल कट कर दी. तब तक महिला ने स्क्रीन रिकॉर्डर की मदद से अश्लील वीडियो बना लिया. इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 2.55 लाख रुपये ऐंठ लिए.
अधिकारी बन करते हैं कॉल
ब्लैकमेल करने वाले जालसाज खुद को जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर कॉल करते हैं. पीड़ित के पास भी आरोपी ने कॉल करके जांच एजेंसी का अधिकारी बताया था. आरोपी ने कहा था कि अश्लील वीडियो यूट्यूब पर भी अपलोड हो चुकी है. इसे डिलीट करने के एवज में भी पैसे मांगे थे.
