मुंगेली। महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 02 अक्टूबर तक देशव्यापी “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का संचालन किया जा रहा है। इस अभियान का समापन गांधी जयंती 02 अक्टूबर को होगा। इसी कड़ी में कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय स्थित आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रायपुर और बिलासपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 07 हजार से अधिक महिलाओं का पंजीयन किया गया तथा स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श दिया गया। शिविर में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरूण साव और मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले शामिल हुए। उन्होंने शिविर का अवलोकन किया और अलग-अलग स्टालों में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं मरीज से चर्चा की तथा शिविर में प्रदान किया जा रहे स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का संचालन किया जा रहा है। हमारी सरकार महिलाओं के हित के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महतारी वंदन योजना का संचालन कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है, जब नारी स्वस्थ होगी, तो पूरा परिवार अपने आपमें सशक्त होता है। आज महतारी सदन का लोकार्पण किया गया है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वूपर्ण कदम है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने 10 महिला स्व सहायता समूहों को चक्रीय निधि अंतर्गत 15-15 हजार रुपये और सामुदायिक निवेश कोष अंतर्गत 10 समूहों को 60-60 हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करने वाले 06 महिला स्व सहायता समूहों और 10 लखपति दीदी को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान : मुंगेली में लगा मेगा स्वास्थ्य शिविर, 7 हजार से अधिक महिलाओं की हुई जांच

