रायपुर। रजिस्ट्री का काम अब केवल कलेक्टोरेट में स्थित पंजीयन दफ्तर में ही नहीं बल्कि शहर में वीआईपी तिराहा में बने बेबीलोन टॉवर और नवा रायपुर में सीबीडी भवन में भी होगा. इससे लोगों को एक ही जगह पर अपनी बारी का इंतजार नहीं करना होगा. इतना ही नहीं इन दोनों नए दफ्तरों में लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए एसी वेटिंग हॉल बनाया गया है. जहां वाई-फाई की सुविधा भी होगी. दोनों नए दफ्तरों का काम लगभग पूरा हो गया है. अफसरों का दावा है कि अगले एक महीने में नए दफ्तरों में काम शुरू हो जाएगा. अभी रायपुर दफ्तर में पांच उपपंजीयक रजिस्ट्री का काम करते हैं. रोजाना करीब 300 रजिस्ट्री कराई जाती है. अभी एक ही दफ्तर होने की वजह से सभी लोगों को यही आना पड़ता है नया दफ्तर बन जाने के बाद ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने वालों को दोनों दफ्तरों में भेजा जाएगा. इससे रजिस्ट्री कराने वालों को काफी आसानी होगी. नए दफ्तरों में टोकन सिस्टम से रजिस्ट्री होगी. यानी लोग वेटिंग हॉल में आराम से बैठकर अपनी बारी का इंतजार करेंगे. स्क्रीन पर उनका टोकन नंबर और संबंधित उपपंजीयक का नाम और कमरा नंबर दिखाई देगा. इसके बाद वे वहां जाकर रजिस्ट्री करा सकेंगे. नए दफ्तर में लोगों को हर तरह की सुविधा मिलेगी.
राजधानी में जमीन रजिस्ट्री होगी अब और आसान, एसी, वाई-फाई से लैस नया हाईटेक दफ्तर बनकर है तैयार

