रायपुर. सावन का महीना विवाहित स्त्रियों के लिए बेहद खास माना जाता है. इस महीने में महिलाएं शिवजी की पूजा करके अपने पति की दीर्घायु का आशीर्वाद प्राप्त कर सकती हैं और अपने लिए अखंड सौभाग्यवती रहने सुख प्राप्त कर सकती हैं. शास्त्रों में सुहागिन महिलाओं के लिए सावन से जुड़े कुछ नियम बताए गए है. इसी कड़ी में राजधानी रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी में दंतेश्वरी फेब्रीकेशन में भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की गई. इस दौरान सभी महिलाओं ने एक ही रंग की साड़ी पहनी थी.
ऐसी मान्यता है कि सावन के महीने में महिलाओं को रोजाना शिवजी की पूजा करनी चाहिए और कम से हर सोमवार को व्रत करना चाहिए. रोजाना सुबह स्नान के बाद शिवलिंग पर जल चढ़ाएं और उसके बाद पंचामृत से स्नान करवाएं. फिर अक्षत, फल, फूल चढ़ाएं. भगवान शिव की पूजा में सबसे जरूरी माना जाता है बेलपत्र. बेलपत्र के साथ भांग और धतूरा भी शिवजी को अर्पित करें.
सफेद चंदन चढ़ाएं और उसके बाद सफेद मिष्ठान से भोलेबाबा को रोजाना भोग लगाएं. अगर आप रोजाना यह सब नहीं कर सकती हैं तो शिवलिंग पर जल अवश्य चढ़ाएं. इसके अलावा हर सोमवार को विधि विधान से शिवजी की पूजा अर्चना करें.



