नागपुर . उद्योगपति मुकेश अंबानी और अभिनेता अमिताभ बच्चन तथा धर्मेंद्र के बंगले को उड़ाने की फोन पर धमकी दी गई है. नागपुर पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को यह फोन कॉल आया.
पुलिस अधिकारी ने बताया, पुलिस को एक अन्य फोन कॉल में दो युवक आपस में बातचीत करते पाए गए. वे बात कर रहे थे कि मुंबई में 25 लोग वारदात को अंजाम देने के लिए दाखिल हो चुके हैं. जिनका मकसद जानेमाने अभिनेता अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र के बंगले के साथ उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर को भी उड़ाना है.
फोन कॉल मिलने के बाद मुंबई पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है. पुलिस को इस कॉल की लोकेशन पालघर के शिवाजी नगर की मिली है. पुलिस ने बताया कि कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 112 पर आई कॉल की लोकेशन नागपुर के लकड़गंज क्षेत्र की है. मामले की जांच की जा रही है.
