छत्तीसगढ़ में नक्सली अब लूटपाट पर उतर आए हैं। सुकमा में सोमवार को नक्सलियों ने LPG (घरेलू गैस) से भरे सिलेंडर लूट लिए। नक्सलियों ने ड्राइवर और हेल्पर को मारपीट कर भगा दिया। इसके बाद सिलेंडर से भरा पिकअप लेकर भाग निकले। सूचना मिलने पर ड्राइवर और हेल्पर को कैंप लाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। वहीं सर्चिंग के लिए जवानों को रवाना किया गया है। मामा कोंटा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, भेज्जी कैंप में वितरण के लिए घरेलू गैस सिलेंडर एक पिकअप में लेकर ड्राइवर रवि और हेल्पर अजय कोंटा से निकले थे। अभी वे गोरखा और कोताचेरु के पास पहुंचे थे कि नक्सलियों ने घेरकर पिकअप रुकवा ली। इसके बाद दोनों को नीचे उतारा और मारपीट शुरू कर दी। नक्सलियों ने उनके मोबाइल भी छीन लिए। साथ ही धमकी दी कि दोबारा जवानों को सिलेंडर सप्लाई नहीं करोगे। इसके बाद दोनों को भगाकर पिकअप लेकर भाग निकले।
