पंजाब में बंपर जीत के बाद विजयी जुलूस निकालने के लिए AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पंजाब के भावी मुख्यमंत्री भगवंत मान अमृतसर में कचहरी चौक पहुंच गए हैं। दोनों ही नेता ट्रक पर सवार हैं और उनके पीछे लंबी कतार है। उनके साथ भारी संख्या में कार्यकर्ता भी चल रहे हैं। पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया भी इस रोड शो में पहुंचे हुए हैं।
दोनों इससे पहले दरबार साहिब, दुर्ग्याणा मंदिर और रामतीर्थ में अपना शीश नवाया। वहीं जलियांवाला बाग में भी उपस्थिति दर्ज करवाई और शरीदों को श्रद्धांजलि दी। सबसे अंत में केजरीवाल, भगवंत मान रामतीर्थ गए और वहां से कचहरी चौक पहुंचकर AAP का विजयी जुलूस रोड शो शुरू किया।
दुर्ग्याणा मंदिर में पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांता चावला ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गले लगाया।इससे पहले दोनों ने स्वर्ण मंदिर में शीश झुकाया। दरबार साहिब में नतमस्तक होने के बाद उन्होंने जलियांवाला बाग में श्रद्धांजलि अर्पित की।
जलियांवाला बाग को इस दौरान कुछ देर के लिए आम पब्लिक के लिए बंद कर दिया है। वहीं, रोड शो को लेकर हलचल सुबह 11 बजे से ही शुरू हो चुकी है। AAP ने फैसला किया है कि रोड शो में ज्यादा धूम-धड़ाका नहीं होगा।
