दिल दहला देने वाले श्रद्धा हत्याकांड में आरोपी आफताब अमीन पूनावाला के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने करीब 3000 पन्नों की चार्जशीट तैयार की है.
आफताब पर अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वाकर की हत्या करने उसके शरीर को आरी जैसी वस्तु से 35 टुकड़ों में काटने का इल्जाम है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस जनवरी के आखिर में किसी भी दिन इस चार्जशीट को दाखिल कर सकती है. फिलहाल, चार्जशीट को कानूनी विशेषज्ञ देख रहे हैं.
सूत्रों के मुताबिक, चार्जशीट के ड्राफ्ट के लिए फॉरेंसिक और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों को आधार बनाया गया है. इसमें पुलिस ने 100 गवाहों का भी जिक्र किया है. पिछले महीने छतरपुर के जंगलों से बरामद हड्डियों और उनकी डीएनए रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई थी कि हड्डियां श्रद्धा की ही थीं, इसे भी चार्जशीट का हिस्सा बनाया गया है.
एक सूत्र ने कहा, ‘डीएनए रिपोर्ट से श्रद्धा वालकर की हत्या की पुष्टि हुई थी. घटना के सामने आने के बाद हमने उसके पिता और भाई से नमूने एकत्र किए.’ जांच अधिकारी ने कहा था कि पूनावाला ने पॉलीग्राफ और नार्को-एनालिसिस जांच और पुलिस पूछताछ के दौरान जो बयान दिए, वे एक जैसे थे. नार्को-एनालिसिस और पॉलीग्राफ जांच रिपोर्ट अदालत में सबूत के तौर पर स्वीकार्य नहीं हैं.
दिल्ली पुलिस ने श्रद्धा वालकर की हत्या के आरोप में आफताब पूनावाला को 12 नवंबर 2022 को गिरफ्तार किया था. श्रद्धा वालकर के पिता ने अक्टूबर 2022 में महाराष्ट्र में शिकायत दर्ज करायी थी. यह मामला तब प्रकाश में आया था, जब महाराष्ट्र के बाद दिल्ली पुलिस ने अपनी जांच शुरू की थी. हाल ही में हड्डियों और बालों के डीएनए रिपोर्ट सामने आए थे, जो श्रद्धा के डीएनए से मैच हुए थे.
