रायपुर. कांग्रेस ने अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों को कार्यसमिति समेत संगठन में हर स्तर पर 50 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया है. इसके साथ पार्टी ने अपने संविधान में संशोधन कर कार्यसमिति के सदस्यों की संख्या 24 से बढ़ाकर 35 करने का भी निर्णय किया है. पार्टी ने 85वें महाधिवेशन में संविधान में 85 संशोधन किए हैं.
पार्टी के नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, अब कांग्रेस से जुड़े प्रधानमंत्री, पूर्व प्रधानमंत्री, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष, लोकसभा और राज्यसभा में पार्टी के नेता स्वत ही कार्यसमिति के सदस्य होंगे. इसके लिए संशोधन किया गया है. पार्टी संगठन में एससी/एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षण को सामाजिक न्याय की क्रांति का आगाज करार देते हुए उन्होंने कहा कि संगठन में आरक्षित और गैर आरक्षित पदों में से 50 फीसदी आरक्षण महिलाओं और युवाओं के लिए होगा. पार्टी ने उदयपुर नवसंकल्प में संगठन में आरक्षण का वादा किया था. इसके साथ पार्टी ने पीसीसी और एआईसीसी सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया में भी बदलाव किया है. उन्होंने कहा, अब छह (पीसीसी) डेलीगेट पर एक एआईसीसी सदस्य होगा. अभी तक यह संख्या आठ थी. इससे एआईसीसी सदस्यों की संख्या 1240 से बढ़कर 1653 हो जाएगी.
भारत जोड़ो यात्रा से पारी खत्म होने की खुशी सोनिया
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस और पूरा देश चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहा है. वर्ष 2004 से 2009 की जीत और डॉ.मनमोहन सिंह के कुशल नेतृत्व ने उन्हें व्यक्तिगत संतुष्टि दी. उन्होंने पार्टी प्रमुख के रूप में अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि मुझे सबसे बड़ी खुशी है कि भारत जोड़ो यात्रा के साथ उनकी पारी का अंत हो सका.
