छत्तीसगढ़ कोरोना: इस महीने मौत का सबसे बड़ा आंकड़ा, 24 घंटे में 7 की मौत, 6 हजार 15 नए मरीज, रायपुर में 2022 केस

rashtrapathnews.com
0 0
Share on Social Media
Read Time:3 Minute, 45 Second

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों में कोरोना से 7 लोगों की मौत हुई है। इस महीने मौत का ये सबसे बड़ा आंकड़ा है। प्रदेश में 6015 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं, तो वहीं रायपुर में अकेला 2022 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। गुरुवार को विधायक, अफसर और कर्मचारियों के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी चपेट में आ गए हैं। रायपुर में 17 पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 1 DSP, 1 ASI, 4 सब इंस्पेक्टर और 11 कांस्टेबल शामिल हैं। यह सभी SP ऑफिस, मौदहापारा, डीडी नगर थाना, कोतवाली थाना, ट्रैफिक और पुलिस लाइन में तैनात थे।

दूसरी ओर कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बलौदाबाजार कलेक्टर सुनील कुमार जैन ने 13 से 19 जनवरी तक 8वीं कक्षा तक के स्कूल बंद करने के आदेश दिए हैं। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कलेक्टर ने सभी हॉस्टल भी बंद करने का आदेश जारी किया। वहीं जशपुर के पत्थलगांव में अब दुकानें सुबह 9 से शाम 5 बजे तक ही खुलेंगी। हालांकि जरूरी सेवाओं को इसमें छूट दी गई है।

भिलाई के वैशाली नगर से भाजपा विधायक विद्यारतन भसीन कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। सर्दी-खांसी के लक्षण के चलते उन्होंने एक दिन पहले ही बुधवार को सैंपल जांच के लिए दिया था। इसके बाद देर रात उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे पहले 10 जनवरी को पति-पत्नी ने बूस्टर डोज भी लगवाई थी। हालांकि उनकी पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से देर रात जारी बुलेटिन के मुताबिक बुधवार को प्रदेश भर में 59 हजार 218 सैंपल इकट्‌ठा किए गए। इस बीच 5 हजार 476 नए मरीजों की पुष्टि हुई। विभाग ने रात 8 बजे तक केवल रायपुर में ही 4 मरीजों की मौत की खबर दी। इनमें से तीन को कोरोना के अलावा दूसरी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं। एक केस विशुद्ध कोरोना की वजह से मौत का है।

तीसरी लहर के दौरान यह लगातार तीसरा दिन है जब चार मरीजों की मौत हुई हो। यहां मंगलवार 11 जनवरी को भी चार मरीजों की मौत हुई थी, जिनमें दो रायपुर और एक-एक बिलासपुर और रायगढ़ के थे। रायपुर में एक डेढ़ साल के बच्चे की मौत हुई थी। 10 जनवरी को चार मरीजों की मौत हुई थी। इनमें दो की मौत केवल कोरोना संक्रमण की वजह से बताई गई। 9 जनवरी को प्रदेश में दो मरीजों की जान गई थी, वहीं 8 जनवरी को 4 मरीजों की जान गई। कोरोना संक्रमण की शुरुआत से अब तक प्रदेश के 10 लाख 38 हजार 60 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 13 हजार 627 लोगों की इस महामारी में जान चली गई।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
Next Post

प्रदेश में बड़ी संख्या में आईएएस अफसरों के हुए तबादले, जाने किन्हें मिला कहाँ का प्रभार

Share on Social Mediaआज प्रदेश में एक बार फिर बड़ी तादाद में अफसरों के तबादले हुए हैं। राज्य शासन के जारी आदेशानुसार 16 आईएएस अफसरों के प्रभार क्षेत्र में अदल बदल किया गया है। देखें आदेश : देखें आदेश : देखें आदेश : देखें आदेश :

You May Like