मीटर लगाने के नाम पर कारोबारी से ठगी, 6 लाख रुपए गए हाथ से

rashtra path
Share on Social Media

रायपुर। राजधानी रायपुर में मीटर लगाने के नाम पर ठग ने कारोबारी से 6 लाख रुपए से अधिक की ठगी की है। आरोपी ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर पहले फोन किया, फिर लिंक भेजकर मोबाइल हैक किया और अलग-अलग किश्तों में रकम निकाल ली। मामला देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-2 निवासी आशीष भाई देसाई (किरायेदार) लेमिनेट का काम करते हैं। उन्होंने 1 अप्रैल 2026 को नया बिजली मीटर लगाने के लिए दलदल सिवनी-मोवा स्थित बिजली कार्यालय में आवेदन दिया था। इसी बीच 4 अप्रैल की सुबह करीब 8:20 बजे उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आया।

कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया और कहा कि मीटर प्रक्रिया पूरी करने के लिए 13 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। इसके बाद ठग ने दूसरे नंबर से व्हाट्सएप कॉल किया और एक लिंक भेजा, जिसमें बिजली विभाग का लोगो भी दिखाई दे रहा था। भरोसे में आकर पीड़ित ने लिंक ओपन कर दिया।

मोबाइल हैक कर निकाले पैसे

लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद ठग ने बैंक खातों से रकम निकालना शुरू कर दिया। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते से 6 किश्तों में 6,03,472 रुपए और एचडीएफसी बैंक के खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस तरह कुल 8 ट्रांजैक्शन में 7,02,472 रुपए की ऑनलाइन ठगी की गई।

पीड़ित को जब खाते से पैसे कटने के मैसेज मिलने लगे, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस बोली- अंजान लिंक पर क्लिक करने से बचे

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही फोन पर मांगी गई जानकारी साझा करें। सरकारी विभाग कभी भी इस तरह लिंक भेजकर भुगतान नहीं कराते। साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा उपाय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

रायपुर में LPG की किल्लत: परेशान स्टूडेंट्स को मिलेगा सिलेंडर

Share on Social Mediaरायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार कलेक्टरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस हॉल में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने जिले के एलपीजी गैस वितरकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में गैस वितरण व्यवस्था, स्टॉक की स्थिति और उपभोक्ताओं को सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा […]