नई दिल्ली. दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में मंगलवार से शुरू शुरू हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की संभावित मुलाकात पर सबकी नजरें लगी हुई हैं.
यह उम्मीद की जा रही है कि अगले महीने भारत की अध्यक्षता में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन से पूर्व दोनों नेताओं के बीच एक सुखद माहौल बनाने की दिशा में वहां पहल हो सकती है. विदेश मंत्रालय ने हालांकि प्रधानमंत्री मोदी और शी जिनपिंग के बीच कोई बैठक निर्धारित होने की पुष्टि नहीं की है लेकिन ऐसी संभावना को खारिज भी नहीं किया है. जोहान्सबर्ग में तीन दिन के कार्यक्रम के दौरान पीएम कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी कर सकते हैं. यह संभावना व्यक्त की जा रही है कि इस दौरान औपचारिक या अनौपारिक रूप से दोनों नेताओं के बीच बातचीत हो सकती है.
